बलौदा बाजार आलोक मिश्रा स्टेट हेड
● महिला एवं बाल सुरक्षा हेतु गठित “टीम शक्ति” द्वारा सघन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान की बलौदाबाजार नगर में की गई शुरुआत
● एसडीओपी बलौदाबाजार के साथ महिला टीम शक्ति द्वारा सायं के समय बलौदाबाजार नगर के विभिन्न क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर दी गई आकस्मिक दबिश

● चौपाटी, शक्ति नगर, पिपरिया तालाब, सदर मार्केट एवं रायपुर रोड ब्रिज के नीचे चलाया गया आकस्मिक चेकिंग अभियान
● चक्रपाणि स्कूल एवं मिनिमाता कॉलेज में जागरूकता अभियान चलाकर छात्रों को बांटे गए समाधान हेल्पलाइन नंबर पांपलेट
● टीम शक्ति द्वारा स्कूल, कॉलेज के बाहर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से की गई कड़ाई से पूछताछ

● यातायात के टीम के साथ मिलकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध की गई चालानी कार्यवाही

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में महिला एवं बाल सुरक्षा हेतु “टीम शक्ति” का गठन किया गया है, जिसका मूल उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, उनके विरुद्ध घटित अपराधों की रोकथाम, उन्हें त्वरित सहायता प्रदान करना और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित कराना है। उक्त उद्देश्यों के तहत आज दिनांक 09.02.2026 को सायं 04:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे तक बलौदाबाजार के विभिन्न शिक्षण संस्थान, भीडभाड वाले क्षेत्र एवं सुनसान इलाकों में पेट्रोलिंग, चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। एसडीओपी बलौदाबाजार के नेतृत्व “टीम शक्ति” द्वारा सर्वप्रथम चक्रपाणि स्कूल एवं मिनिमता कॉलेज बलौदाबाजार में पेट्रोलिंग कर वहां उपस्थित छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से तथा समाधान शिकायत हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शिकायतों को दर्ज करने के संबंध में एवं उसके निराकरण के संबंध में जागरूक किया गया

तथा समाधान हेल्पलाइन पंपलेट वितरण किया गया एवं साथ ही महिला अपराध एवं महिला अधिकार एवं महिला संबंधित विविध अधिनियमों के संबंध में जानकारी प्रदान किया गया।

तत्पश्चात “टीम शक्ति” द्वारा नगर के सदर मार्केट, शक्तिनगर, पिपरिया तालाब, चौपाटी, रायपुर रोड ब्रिज के नीचे संदिग्ध व्यक्तियों एवं अकारण घूमने वाले, बैठने वाले लोगों की आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों से उन इलाकों में घूमने, बैठे रहने आदि का कारण पूछते हुए उन्हें अपने घर जाने एवं ऐसे सुनसान इलाकों में फिर कभी नहीं घूमने का हिदायत दिया गया। इसके साथ ही “टीम शक्ति” द्वारा स्कूल/कालेज परिसर के आसपास बेवजह घूमने वाले लोगों को भविष्य में कड़ी कार्रवाई किये जाने हेतु चेतावनी दिया गया। तत्पश्चात “टीम शक्ति” द्वारा यातायात की टीम के साथ मिलकर स्कूल/कालेज परिसर एवं शहर के प्रमुख मार्गो में ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से चेकिंग भी किया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर तीन सवारी चलने वाले कुल 08 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में “टीम शक्ति” द्वारा संपूर्ण जिले में पेट्रोलिंग करते हुए आकस्मिक चेकिंग एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।
