दंतेवाड़ा। जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ होने की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में जवानों ने 6 लाख रुपए की इनामी 2 महिला माओवादियों को ढेर कर दिया है। फिलहाल जवान अभी घटना स्थल पर ही मौजूद हैं। साथ ही इलाके की सर्चिंग की जा रही है। मुठभेड़ की पुष्टि दंतेवाड़ा के SP डॉ.अभिषेक पल्लव ने की है। मामला जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र का है।
बता दें, दंतेवाड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, नक्सल प्रभावित गोंडेरास गांव के जंगल में भारी संख्या में माओवादी मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर शुक्रवार रात में ही DRG के जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया था। शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे जब जवान इलाके में पहुंचे तो नक्सलियों ने इस दौरान फायर कर दिया। इसके बाद जवानों ने भी नक्सलियों को मुंह तोड़ जवाब दिया।
करीब आधे घंटे तक चली इस मुठभेड़ में DRG के जवानों ने 2 महिला नक्सलियों को ढेर किया है। उनकी शिनाख्त एरिया कमेटी मेंबर (ACM) हिड़मे कुहरामी (30) और चेतना नाट्य मंडली अध्यक्ष (CNM) पोज्जा के रूप में हुई है। हिड़मे पर 5 लाख रुपए तो वहीं पोज्जा पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित था। बताया जा रहा है कि, जवानों ने घटना स्थल से भारी संख्या में नक्सल सामन भी बरामद किया है।
